Loading Now

राज्य स्तरीय शोध में डॉ. रोशन दीप श्रीमाली का चयन, कड़ेल क्षेत्र के लिए गौरव

राज्य स्तरीय शोध में डॉ. रोशन दीप श्रीमाली का चयन, कड़ेल क्षेत्र के लिए गौरव

पुष्कर

राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (RSCERT), उदयपुर के तत्वावधान में तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), मसूदा जिला अजमेर के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित राज्य स्तरीय शोध परियोजना में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, डूंगरिया खुर्द (कड़ेल) की शिक्षिका डॉ. रोशनदीप श्रीमाली का चयन किया गया है।

यह संयुक्त सर्वेक्षण शोध “राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा की पहुँच एवं उसके समक्ष उपस्थित चुनौतियों का अध्ययन” विषय पर केंद्रित है। इस महत्वपूर्ण शोध कार्य में राज्य की कुल पाँच डाइट भाग ले रही हैं, जिनमें डाइट मसूदा (अजमेर) को लीड डाइट की भूमिका सौंपी गई है, जबकि डाइट बांसवाड़ा, डूंगरपुर, टोंक एवं भरतपुर सहयोगी संस्थानों के रूप में कार्य कर रही हैं।

इस संपूर्ण राज्य स्तरीय सर्वे में 20 चयनित शिक्षा विशेषज्ञ/शोधकर्ताओं की सहभागिता रहेगी। इनमें अजमेर जिले से डॉ. रोशनदीप श्रीमाली का चयन होना न केवल उनके व्यक्तिगत शैक्षिक योगदान का प्रमाण है, बल्कि यह कड़ेल क्षेत्र एवं उनके विद्यालय के लिए भी अत्यंत गौरव का विषय है।

शोध के माध्यम से डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता, तकनीकी अवसंरचना, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की डिजिटल दक्षता, ऑनलाइन शिक्षण में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों तथा सुधार की संभावनाओं का गहन विश्लेषण किया जाएगा। शोध निष्कर्षों के आधार पर राज्य में डिजिटल शिक्षा को और अधिक सशक्त बनाने हेतु ठोस सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे।

इस शोध कार्य में डॉ. रोशन दीप श्रीमाली के कुशल मार्गदर्शन, शोध अनुभव एवं निरंतर प्रेरणा को विशेष रूप से सराहा जा रहा है। उनके शैक्षणिक नेतृत्व और तकनीकी समझ ने शोध दल को एक स्पष्ट दिशा प्रदान की है, जिससे यह परियोजना राज्य के लिए उपयोगी एवं प्रभावी सिद्ध होगी।

डॉ. रोशनदीप श्रीमाली के चयन पर सम्पूर्ण कड़ेल क्षेत्र में हर्ष एवं बधाइयों का माहौल है। विद्यालय परिवार, ग्रामीणजन एवं शिक्षाजगत ने इसे क्षेत्र की शिक्षा गुणवत्ता और प्रतिभा की राज्य स्तरीय पहचान बताया है।

Share this content:

Post Comment